हाइवे मोड़ पर ट्रैफिक पुलिस का सख्त अभियान, 55 वाहन चालकों के कटे चालान
ब्यूरो रिपोर्ट
अफजलगढ़। राष्ट्रीय राजमार्ग-74 पर स्थित अफजलगढ़ मोड़ पर ट्रैफिक पुलिस ने यातायात नियमों के पालन को लेकर विशेष संघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान नियमों की अनदेखी कर वाहन चलाने वालों पर पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए 55 वाहन चालकों के चालान किए। अचानक चली इस कार्रवाई से हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। चेकिंग के दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट न लगाने, ओवरस्पीड, गलत दिशा में वाहन चलाने, बिना वैध कागजात और ट्रिपल राइडिंग जैसे मामलों में पुलिस ने कार्रवाई की। ट्रैफिक पुलिस कर्मियों ने वाहन चालकों को मौके पर ही रोककर नियमों की जानकारी दी और भविष्य में नियमों का पालन न करने पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी। मंगलवार को एसपी अभिषेक झा के निर्देश पर ट्रैफिक पुलिस उप निरीक्षक नितिन कुमार मलिक के नेतृत्व में यातायात पुलिस ने संघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान नियमों की अनदेखी कर वाहन चलाने वालों पर पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए 55 वाहन चालकों के चालान किए। वही ट्रैफिक पुलिस उप निरीक्षक नितिन कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग 74 पर बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए यह अभियान चलाया गया है। नियमों का उल्लंघन न केवल चालक के लिए बल्कि अन्य राहगीरों की जान के लिए भी खतरा बन सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए ट्रैफिक पुलिस लगातार हाईवे पर निगरानी रख रही है। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल चालान काटने तक सीमित नहीं है। बल्कि आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना भी इसका मुख्य उद्देश्य है। पुलिस ने अपील की कि वाहन चालक हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाएं और सभी जरूरी कागजात साथ रखें। पुलिस ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में भी इस तरह के अचानक चेकिंग अभियान जारी रहेंगे। वहीं, नियमों का पालन करने वाले वाहन चालकों ने ट्रैफिक पुलिस की इस कार्रवाई को सड़क सुरक्षा की दिशा में सराहनीय कदम बताया। इस अवसर पर ट्रैफिक पुलिस उप निरीक्षक नितिन कुमार के आलावा कांस्टेबल अर्जुन कुमार तथा कांस्टेबल अजय कुमार आदि उपस्थित रहे।