अयोध्या! दिवाली के मौके पर सीएम योगी करीब बीस घंटे अयोध्या में रुके। दीपोत्सव के बाद रात में उन्होंने वहीं पर विश्राम किया। अगले दिन सुबह दलित बस्तियों में दिवाली मनाई। भव्य दीपोत्सव के अलगे दिन गुरुवार सुबह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सबसे पहले हनुमानगढ़ी पहुंचकर बजरंगबली के दरबार में हाजिरी लगाई। यहां विधिपूवर्क दर्शन-पूजन करने के बाद मुख्यमंत्री श्रीरामजन्मभूमि पहुंचे,जहां उन्होंने भगवान रामलला के दर्शन पूजन किये और जनमानस के सुखी व स्वस्थ होने की प्रार्थना की। इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या के अभिराम दास वार्ड स्थित मीरापुर बुलंदी दलित बस्ती पहुंचे। यहां उन्होंने दलित महिलाओं को दीपावली पर उपहारस्वरूप मिठाई व वस्त्र वितरित किये साथ ही छोटे बच्चों को चॉकलेट भी दिया। सीएम के हाथों चॉकलेट पाकर बच्चे भी चहकते दिखे। इस बार विशेष है अयोध्या की दीपावली इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि आज दीपावली का पावन पर्व है। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्री राम के 14 वर्ष के वनवास के उपरांत अयोध्या धाम त्रेता युग में दीप मालाओं से जगमग हुआ था। हजारों वर्षों के बाद भी यह पर्व पूरे देश का एक उत्सव बन गया है। हर सनातनधर्मावलंबी बड़े विश्वास व श्रद्धा भाव के साथ इस कार्यक्रम के साथ जुड़ा हुआ है और इस बार की दीपावली तो विशेष है। 500 वर्षों के एक लंबे अंतराल के बाद प्रभु श्री राम अपने स्वयं के धाम में विराजमान हुए हैं। प्रभु श्री राम लाल अपने भव्य और दिव्य मंदिर में विराजमान होकर हम पर साक्षात अपना आशीर्वाद बरसा रहे हैं।