पुलिस ने आचार संहिता लागू होते हुए पालिका टीम की मदद से हाईवे से राजनीति पार्टियों के होर्डिंग व बैनरों को उतरवाया।
शमीम अहमद
अफजलगढ़। लोकसभा चुनाव की आचार संहिता लागू होते ही पुलिस प्रशासन सख्त हो गया। थानाध्यक्ष पुष्कर सिंह मेहरा व ईओ एसपी सिंह के नेतृत्व में नगर पालिका की टीम ने शहर और देहात क्षेत्रों में लगे नेताओं के होर्डिंग, बैनर व पोल क्योस्क उतरवाने का अभियान शुरू कर शहर में जसपुर तिराहे,मेन बाजार व हाईवे से राजनीति पार्टियों के होर्डिंग व बैनरों को उतरवाया गया। अन्य मार्गों से भी राजनीतिक प्रचार सामग्रियों को उतारने का काम शुरू कर दिया गया। गौरतलब है कि लोकसभा चुनावों को लेकर पिछले तीन-चार माह से विभिन्न राजनीतिक पार्टियों के दावेदार क्षेत्र में प्रभावी ढंग से अपनी उपस्थिति दिखा रहे थे। इसको लेकर वह सड़कों के किनारे होर्डिंग, पोस्टर, बैनर और राजनीतिक दलों के झंडों आदि लगा रहे थे। जिस वजह से सड़कें रंग-बिरंगी नजर आ रही थी। यहां तक कि कई स्थानों पर नेताओं ने दीवारों को भी अपने व पार्टी के नाम से रंगा हुआ था। शनिवार को शाम चुनाव आचार संहिता लगते ही थानाध्यक्ष पुष्कर सिंह मेहरा, नायाब तहसीलदार लक्ष्मण सिंह भंडारी व ईओ एसपी सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम व नगर पालिका कर्मी हरकत में आ गए थे। पुलिस टीम व पालिका अधिकारियों ने टीम के साथ शहर व देहात क्षेत्रों में लगे होर्डिंग, बैनर आदि उतरवाने का काम शुरू कर दिया। जहां दीवारों पर राजनीतिक प्रचार के उद्देश्य से जो स्लोगन आदि लिखे गए थे! उन्हें पुतवाने का काम शुरू कर दिया गया है। शहर में जसपुर तिराहे, हाइवे, धामपुर अफजलगढ़ मार्ग, कालागढ़ मार्ग, मेन बाजार,बस स्टैंड अफजलगढ़ व हाईवे से होर्डिंग, बैनर व पोल क्योस्क उतरवाए गए। इसी तरह से गांव कासमपुरगढ़ी, भूतपुरी, कादराबाद, मानियावाला, शेरगढ़ तिराहे आदि में भी पुलिस टीम ने अभियान चलाया। यहां भी पुलिस टीम ने ग्राम प्रधानो की मदद से होर्डिंग व बैनर उतरवाए। इस दौरान थानाध्यक्ष पुष्कर सिंह मेहरा ने बताया कि शनिवार को लोकसभा चुनाव को लेकर चुनाव आदर्श आचार संहिता लग चुकी है। इसी के चलते होर्डिंग, बैनर व पोल क्योस्क आदि उतरवाए जा रहे हैं। चुनाव आचार संहिता का पालन नियम अनुसार कराया जाएगा। जो चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन करेगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर नायाब तहसीलदार लक्ष्मण सिंह भंडारी के आलावा थानाध्यक्ष पुष्कर सिंह मेहरा, अधिशासी अधिकारी एसपी सिंह,कस्बा इंचार्ज सुमित राठी, संजीव अग्रवाल, लेखपाल वीरेंद्र सिंह,रोहिताश पंवार, सन्नी गुप्ता, रोबिन अग्रवाल, बृजमोहन,अमर पंवार आदि उपस्थित रहे।