बिजनौर जिलाधिकारी ने ली कलेक्ट्रेट में परियोजनाओं के संबंध मे बैठक,
शमीम अहमद
बिजनौर! जिलाधिकारी अंकित कुमार अग्रवाल द्वारा कलेक्ट्रेट स्थित उनके कार्यालय कक्ष में जिले में संचालित पर्यटन विभाग की प्रस्तावित एवं क्रियान्वित सभी परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित हुयी। जिलाधिकारी ने पर्यटन विभाग की अधिकारी द्वारा पूर्व में पर्यटन विभाग से संबंधित बैठक में अनुपस्थित रहने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए पर्यटन अधिकारी को सप्ताह में एक दिन जिला मुख्यालय में बैठने के निर्देश दिए। उन्होंने विदुर कुटी स्थल पर संचालित कार्यों की समीक्षा करते हुए बताया कि विदुर कुटी में गंगा घाट के निमार्ण कार्य की परियोजना मा0 मुख्यमंत्री जी की महत्वपूर्ण परियोजनाओं में शामिल है। उक्त संबंध में उन्होंने सिंचाई एवं पर्यटन विभाग को आपसी समन्वय स्थापित कर कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिला बिजनौर पौराणिक, सांस्कृतिक, धार्मिक, ऐतिहासिक एवं प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण जिला है, जिसमें पर्यटन के लिए विशेष संभावनाएं एवं आकर्षण है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा जिला बिजनौर को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के प्रयास को और अधिक गति प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा इसी क्रम में कण्व आश्रम, विदुर कुटी, गंगा बैराज, पीली डेम सहित ऐतिहासिक, धार्मिक एवं पौराणिक स्थलों को विकसित किए जाने का कार्य प्रगति पर है। बैठक के दौरान जिलाधिकारी द्वारा पर्यटन विभाग की राज्य सेक्टर योजना, मा0 मुख्यमंत्री पर्यटन संवर्धन योजना, प्रस्तावित राज्य योजना, ईको टूरिज्म के अन्तर्गत प्रस्तावित योजनाओं पर गहनता से चर्चा कर आवश्यक दिशा निर्देश संबंधित को दिए गए।इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी पूर्ण बोरा, क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी वीपी सिंह, पर्यटन अधिकारी, अधिशासी अभियंता लोनिवि, जिला अर्थ संख्या अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद थे।