धामपुर विधानसभा क्षेत्र में बाढ़ सुरक्षा पर खर्च होंगे 2512.09 लाख रुपये
ब्यूरो रिपोर्ट
धामपुर। विधायक अशोक राणा ने कहा कि धामपुर विधानसभा क्षेत्र में सिंचाई और जल संसाधन विभाग की चार परियोजनाओं को शासन से मंजूरी मिल गई है। इन परियोजनाओं पर 2512.09 लाख खर्च होंगे। इसमें खास यह है कि करीब 1783. 64 लाख की लागत से कोटरा रजबहा परियोजना को पूरा किया जाएगा। जल्द ही इन सभी परियोजनाओं पर कार्य शुरू होगा। विधायक अशोक राणा ने शनिवार को पत्रकार वार्ता में बताया कि धामपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत तीन बाढ़ सुरक्षा परियोजना मंजूर हो गई। इनमें 380.39 लाख की परियोजना शेरकोट तटबंध, नंदगांव नाथाडोई के निकट गांव की सुरक्षा के लिए 238.6 लाख, मुकरपुरी-सिपहियाें वाला तटबंध की सुरक्षा के लिए 110.00 लाख रुपए की परियोजनाएं स्वीकृति हुई है। सभी परियोजनाओं के कार्य जून 2024 तक पूरा होंगे। बाढ़ सुरक्षा की इन परियोजनाओं में कुल 728.45 लाख रुपए की लागत आएगी। इसके अलावा धामपुर विधानसभा क्षेत्र में पूर्वी गंगा नहर निर्माण खंड-6 नजीबाबाद के अंतर्गत कोटरा रजबहा व उसकी प्रणाली में गैप्स की परियोजना को पूरा करने भी स्वीकृति मिल प्राप्त हुई है। करीब 1783. 64 लाख की लागत से कोटरा रजबहा परियोजना को पूरा किया जाएगा। करीब 20 साल पहले सरकार की ओर से करीब 500 करोड़ की लागत से 100 किलोमीटर लंबे रजबहा का निर्माण किया गया था। पर, कुछ लोगों के अडियल रवैये से आज तक काम पूरा नहीं हो सका। अब यह कार्य पूरा होना है। इसके पूरा होने पर क्षेत्र के सैकड़ों गांवों के किसानों की करीब 10 हजार हेक्टेयर भूमि सिंचित होगी विधायक ने अधिशासी अभियंता त्रिलोकचंद लांबा को दिन रात एक कर नहर को जल्द चालू करने के निर्देश दिए। इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि नीरज प्रताप सिंह, अधिशासी अभियंता अफजलगढ़ से सिंचाई खंड धामपुर राकेश कुमार, एसडीओ नवरत्न सिंह और अधिशासी अभियंता पूर्वी निर्माण खंड -6 त्रिलोकचंद लांबा मौजूद रहे!